लखनऊ : संविदा के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय परिसर में नगर आयुक्त की प्रशासनिक नीतियों का विरोध कर प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारी सुबह से ही हड़ताल पर चले गए। इससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि सफाई नायक , बीट इंचार्ज, पर्यवेक्षकों का शोषण अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में काफी आक्रोश है।
यह भी पढ़ें : नहाय खाय के साथ आज से शुरू होगी चैती छठ

सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगो को लेकर के नगर निगम अधिकारीयों को अवगत करा रहे थे। लेकिन नगर निगम प्रशासन द्वारा उनकी जरा भी सुनी नहीं गयी। महिला सफाई कर्मचारियों की हाजिरी समेत कई मांगो को लेकर सफाई कर्मचारी कई बार विभिन्न वार्डों में प्रदर्शन कर चुके हैं। हर बार नगर निगम प्रशासन द्वारा आश्वासन देकर उनको मना लिया जाता था। सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन से अब आर पार का मन बना लिया है और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए है। संघर्ष समिति के अध्यक्ष गोपाल वाल्मीकि और सुधीर धानुक ने बताया कि प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक नगर निगम प्रशासन हमारी मांगो का निस्तारण नहीं करता है। पदाधिकारियों ने तीन हज़ार हटाए गए सफाई कर्मचारियों को तत्काल कार्य पर वापस बुलाने की मांग भी नगर निगम प्रशासन से की है।